रांची: राजधानी रांची में शुक्रवार की सुबह घने कोहरे ने हवाई यातायात को प्रभावित कर दिया। कम विजिबिलिटी के कारण रांची एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही बाधित रही। कोलकाता से रांची आने वाली इंडिगो की फ्लाइट रद्द करनी पड़ी, जबकि दिल्ली, पुणे और बेंगलुरु से आने वाले चार विमान काफी देर से पहुंचे। अचानक हुई इस परेशानी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
पिछले कुछ दिनों से चक्रवात अर्नब के कारण झारखंड में बारिश हो रही थी। हालांकि, शुक्रवार तक बारिश थम गई थी, लेकिन सुबह अचानक घना कुहासा छा गया। इससे रनवे के आसपास दृश्यता कम हो गई और विमानों के परिचालन पर असर पड़ा।
कोलकाता से आने वाली फ्लाइट नहीं पहुंची
शुक्रवार सुबह इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। यह विमान सुबह 8:15 बजे रांची पहुंचने वाला था। वहीं, दूसरी ओर चार अन्य उड़ानों के समय में भी काफी बदलाव हुआ।
देरी से पहुंचने वाली उड़ानों में इंडिगो की दिल्ली फ्लाइट सुबह 7:15 बजे के बजाय 10:55 बजे पहुंची। पुणे से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट सुबह 7:30 बजे की जगह 10:54 बजे पहुंची।
इसी तरह एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट सुबह 9:20 बजे के बजाय 10:58 बजे और बेंगलुरु-रांची फ्लाइट सुबह 9:30 बजे की जगह 10:54 बजे एयरपोर्ट पहुंची।
मौसम साफ होने के बाद सामान्य होगा परिचालन
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, सुबह कम विजिबिलिटी के कारण विमानों के परिचालन में देरी हुई। कोलकाता की फ्लाइट रद्द होने और अन्य विमानों के देर से पहुंचने से यात्रियों को काफी दिक्कत हुई।
गौरतलब है कि चक्रवात अर्नब के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को झारखंड के स्कूल-कॉलेज भी बंद रखे गए थे। अब बारिश थमने के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, लेकिन सुबह का कोहरा हवाई सेवाओं के लिए परेशानी का कारण बन गया है।



