लातेहार: चक्रवात अर्नब के प्रभाव से लातेहार जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाजारों में सन्नाटा पसरा है। दुकानदार देर से दुकानें खोल रहे हैं और शाम होने से पहले ही बंद कर दे रहे हैं। वहीं, बिजली संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
महुआडांड़ प्रखंड में पिछले 12 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है। बिजली नहीं रहने के कारण लोगों के मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। घरों में पानी की मोटर और दूसरे बिजली उपकरण भी बंद पड़े हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में बारिश होते ही बिजली गुल होना आम समस्या बन गई है।
जिला मुख्यालय के धर्मपुर मोहल्ले में भी कई घंटों से बिजली नहीं है। इसी इलाके में बुनियादी विद्यालय के पास बारिश के कारण एक पेड़ गिर गया।
किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता
लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान होने की आशंका है। वहीं, आलू और सरसों की खेती पर भी खराब मौसम का असर पड़ सकता है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो फसलों को काफी नुकसान हो सकता है।
घने कोहरे से सड़क पर सफर मुश्किल
बारिश के साथ-साथ घने कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नेतरहाट रोड पर कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। कोहरे की वजह से दिन में भी गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है।
हालांकि, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जिला मुख्यालय में बारिश थमने के बाद सड़कों पर थोड़ी चहल-पहल नजर आई। कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी खोल दीं। लेकिन खराब मौसम के कारण जिले में सामान्य जनजीवन अब भी प्रभावित है।




