रांची : दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए DC मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों और पूजा समितियों के साथ बैठक की। बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, ट्रैफिक व्यवस्था और छठ घाटों पर मिलने वाली सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई।
DC ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।
छठ घाटों पर साफ-सफाई और रोशनी की होगी व्यवस्था
बैठक में छठ पूजा समितियों ने घाटों की सफाई, लाइटिंग और सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं रखीं। साथ ही घाटों तक जाने वाले रास्तों को ठीक करने की मांग की।
DC ने संबंधित विभागों को इन समस्याओं को दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए घाटों पर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की जाए। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने पर भी जोर दिया गया।
तीन दिनों तक घाटों पर तैराकी से बचने की सलाह
जिला प्रशासन ने लोगों से 14, 15 और 16 नवंबर को छठ घाटों पर तैराकी नहीं करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि जलाशयों में उतरते समय सावधानी बरतें और सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का पालन करें।
DC ने पूजा समितियों और स्वयंसेवकों से प्रशासन के साथ मिलकर काम करने की अपील की, ताकि छठ पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
जतरा की तैयारियों की भी होगी समीक्षा
बैठक में जतरा के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। DC ने सदर एसडीओ और एडीएम विधि-व्यवस्था को जतरा समिति के सदस्यों के साथ अलग से बैठक करने का निर्देश दिया।
वहीं, पूजा समितियों ने दुर्गापूजा के दौरान प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
बैठक में नगर एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर एसडीओ कुमार रजत, नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार, एडीएम धनंजय, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित कई अधिकारी और पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।



