Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत‘ के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से बिहार के 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1100 विशेष आमंत्रित प्रतिभागियों को लेकर गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) जाने वाली विशेष आरक्षित पाटलिपुत्र-एकता नगर स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी प्रतिभागी 31 अक्टूबर को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार की यह पहल प्रधानमंत्री के उस संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जिसमें देश के प्रत्येक क्षेत्र को विकास, सुरक्षा और समृद्धि के समान अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद के विरुद्ध चल रहे प्रयासों और विकास की मुख्यधारा से जुड़ते क्षेत्रों की नई पहचान को यह पहल राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगी। बिहार के नक्सलमुक्त जिलों से इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की भागीदारी राष्ट्रीय एकता, शांति और विकास के संदेश को और मजबूती प्रदान करेगी। इस विशेष यात्रा के माध्यम से बिहार के प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता के प्रतीक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के स्थल पर आयोजित समारोह में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
नक्सलमुक्त बिहार की ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सलमुक्त भारत के संकल्प को साकार करते हुए 31 मार्च 2026 को बिहार को नक्सलमुक्त घोषित किया जा चुका है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को 31 अक्टूबर, 2026 को गुजरात के केवड़िया में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में प्रदर्शित किया जाएगा। इस समारोह में बिहार एसटीएफ के 206 पुलिसकर्मी एवं 22 नक्सलमुक्त जिलों के 1,100 ग्रामीण प्रतिभागी शामिल होंगे। यह यात्रा ‘संकल्प से सिद्धि’ तक बिहार की सफलता, जनभागीदारी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर जारी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश देगी।
मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित गुजरात जाने वाले सभी प्रतिभागियों से मुलाकात की और उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ‘भारत माता’ के उद्घोष से पूरा रेलवे परिसर गूंज उठा और प्रतिभागियों में गुजरात जाने का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में गृह विभाग के प्रधान सचिव ने पौधा भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, विधान पार्षद अनामिका सिंह पटेल, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, एडीजी (विशेष शाखा) कुंदन कृष्णन, एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, गृह विभाग के विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी, रेलवे के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।




