फॉण्ट कनवर्टर NEW

प्रेस क्लब में 21 नवंबर को होगी राष्ट्रीय पत्रकारिता संगोष्ठी, देशभर के पत्रकार होंगे शामिल

रांची प्रेस क्लब की मैनेजिंग कमेटी की बैठक 26 अक्टूबर को अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कैंटीन शुरू करने, राष्ट्रीय पत्रकारिता संगोष्ठी आयोजित करने, कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और दिवाली बोनस देने सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : रांची प्रेस क्लब की मैनेजिंग कमेटी की बैठक 26 अक्टूबर को अध्यक्ष शंभु नाथ चौधरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कैंटीन शुरू करने, राष्ट्रीय पत्रकारिता संगोष्ठी आयोजित करने, कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी और दिवाली बोनस देने सहित कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

1 दिसंबर से शुरू होगी कैंटीन

बैठक में तय किया गया कि प्रेस क्लब की कैंटीन 1 दिसंबर से शुरू होगी। कैंटीन संचालन के लिए रवि सागर का एकमात्र प्रस्ताव मिला था। कमेटी ने उनके साथ एग्रीमेंट करने पर सहमति जताई।

वहीं, रांची प्रेस क्लब और रांची विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म की ओर से 21 नवंबर को राष्ट्रीय पत्रकारिता संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें देश के कई जाने-माने पत्रकार शामिल होंगे।

कर्मचारियों का वेतन बढ़ेगा, मिलेगा 2 हजार बोनस

बैठक में क्लब के कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई। मैनेजर के वेतन में हर महीने 1,500 रुपये, सहायक मैनेजर के वेतन में 1,200 रुपये और अन्य कर्मचारियों के वेतन में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी।

इसके अलावा दिवाली के मौके पर सभी कर्मचारियों को 2,000 रुपये बोनस देने का फैसला लिया गया।

सदस्यता शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 1 दिसंबर

प्रेस क्लब ने वर्ष 2026-27 के लिए सदस्यता शुल्क 600 रुपये ही रखा है। इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। सभी सदस्यों से 1 दिसंबर तक शुल्क जमा करने को कहा गया है। निर्धारित तारीख तक शुल्क जमा करने वाले सदस्य ही आगामी आयोजनों में भाग ले सकेंगे।

जिन सदस्यों ने पत्रकारिता में 25 साल पूरे कर लिए हैं, उनसे संबंधित प्रमाण जमा करने का अनुरोध किया गया है।

क्लब की सुविधाओं में होगा सुधार

बैठक में क्लब के सभी फ्लोर पर खराब लाइट बदलने, कमरों में पर्दे लगाने और कॉन्फ्रेंस रूम की मरम्मत कराने का फैसला लिया गया।

वहीं, सदस्य सुशील कुमार सिंह मंटू का 20 अक्टूबर को ईमेल से मिला इस्तीफा क्लब के नियमों के अनुसार रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया गया है।

बैठक में सचिव अभिषेक सिन्हा, संयुक्त सचिव चंदन भट्टाचार्य, राजन बॉबी, प्रतिमा सिंह, संजय सुमन, निर्भय कुमार, संतोष कुमार सिन्हा, अशोक गोप, सौरभ शुक्ला, विजय गोप, चंदन वर्मा और अमित कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram