फॉण्ट कनवर्टर NEW

रामगढ़ में राहुल दुबे गिरोह पर फायरिंग का आरोप, सैनिक कंपनी का सुरक्षा गार्ड घायल

रामगढ़ और हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित पोटंगा में देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। उरीमारी ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने सैनिक कंपनी के गेट पर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली लग गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

रामगढ़ : रामगढ़ और हजारीबाग जिले की सीमा पर स्थित पोटंगा में देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। उरीमारी ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने सैनिक कंपनी के गेट पर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गोली लग गई। घायल गार्ड को इलाज के लिए रांची भेजा गया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके से सात खोखे और चार धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं।

राहुल दुबे गिरोह से जुड़े अपराधियों पर फायरिंग का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे तीन अपराधियों ने सैनिक कंपनी के गेट पर गोलीबारी की। बताया जा रहा है कि तीनों राहुल दुबे गिरोह से जुड़े हैं। अचानक हुई फायरिंग में कंपनी का सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।

पर्चे में अधिकारी के कार्यालय और घर को उड़ाने की धमकी

गोलीबारी के बाद अपराधी घटनास्थल पर चार पर्चे छोड़कर भाग निकले। पर्चों में स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और आवास को अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है। साथ ही इस घटना को चेतावनी बताया गया है।

पर्चों में सोनाराम मांझी और संजय करमाली के साथ न्यू बरसा साइडिंग और बरका-सयाल क्षेत्र में काम करने को लेकर भी धमकी दी गई है। पुलिस इन पर्चों की जांच कर रही है।

सात खोखे बरामद, जांच में जुटी पुलिस

उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से सात खोखे मिले हैं। पुलिस गोलीबारी करने वाले अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram