Patna: पटना के बांकीपुर मतगणना केंद्र पर गिनती के बीच सियासत गरमा गई है। जदयू नेता नीरज कुमार ने अनंत सिंह को राजनीति की आकस्मिक दुर्घटना करार दिया, तो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवारों ने सीसीटीवी कैमरे नहीं होने पर सवाल उठाए। अब मतगणना की पारदर्शिता को लेकर विवाद गहराने लगा है।
Read more: अनंत सिंह के परिवार की बढ़ीं राजनीतिक मुश्किलें, पत्नी नीलम देवी से छिना राज्यमंत्री का दर्जा
प्रमुख सीटों पर कांटे की टक्कर
पटना के बांकीपुर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती की जा रही है। स्नातक सीट पर जदयू के निवर्तमान एमएलसी नीरज कुमार का मुकाबला राजद के दिलीप कुमार, जन सुराज पार्टी के डॉ. अनुज सिंह और कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान से है। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के निवर्तमान एमएलसी नवल किशोर यादव, राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह, जन सुराज पार्टी की दिव्या ज्योति और कांग्रेस के डॉ. संजय यादव प्रमुख उम्मीदवार हैं। इस सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दिव्या ज्योति के समर्थन में प्रचार किया था।
राजद और जन सुराज प्रत्याशियों ने उठाए सवाल
राजद के शिक्षक एमएलसी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा, वार्ड सदस्य, मुखिया और सरपंच के चुनावों की मतगणना के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं, लेकिन यहां ऐसा क्यों नहीं किया गया? उनके मुताबिक, इससे प्रशासन की भूमिका संदेह के घेरे में आती है। हालांकि, उन्होंने अपनी जीत का भरोसा भी जताया।
Read more: JDU से निकाले जाने के बाद अनंत सिंह का बड़ा ऐलान, कहा- अब बनाएंगे अपनी पार्टी
जन सुराज पार्टी की प्रत्याशी दिव्या ज्योति ने कहा कि मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था ठीक है, लेकिन मतगणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने का सवाल गंभीर है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से इसका जवाब मांगा। दिव्या ज्योति ने कहा कि चुनाव परिणामों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आयोग को अधिक संवेदनशीलता बरतनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि यह उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य से जुड़ा मामला है और मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। मतगणना के दौरान उम्मीदवारों की ओर से उठाए गए इन सवालों के बीच अब सबकी नजर चुनाव परिणामों पर है।





