लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मंगलवार को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। मतगणना सात केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच कराई जा रही है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के जरिए निगरानी की जा रही है।
23 अक्टूबर को हुआ था मतदान
विधान परिषद की इन 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 152 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान के दौरान करीब 55 प्रतिशत वोट पड़े थे। मतगणना के बाद आज शाम तक उम्मीदवारों की जीत-हार की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
सात शहरों में बनाए गए मतगणना केंद्र
मतगणना के लिए लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतगणना प्रक्रिया पर प्रशासन के अधिकारी नजर रख रहे हैं।
आगरा में भारी पुलिस बल तैनात
आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना नवीन गल्ला मंडी परिसर में शुरू हो गई है। यहां मतगणना को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से पूरा कराने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मंडी परिसर के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रशासन की ओर से मतगणना केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।




