Career Adda: सरकारी बैंकों का नाम आते ही अमूमन वही पुरानी फाइलों और कतारों वाली तस्वीर जेहन में उभरती है, लेकिन एसबीआई का 55 साल तक के अनुभवी एआई सूरमाओं को अपने पाले में खींचना यह साफ बताता है कि अब बैंकिंग सिर्फ पासबुक प्रिंट करने का नाम नहीं रह गई है। फिनटेक और प्राइवेट दिग्गजों की तेज रफ्तार के बीच अगर सरकारी हाथी को भी एल्गोरिदम की चाल चलनी है, तो उसे आधुनिक तकनीक के इन्हीं पहियों का सहारा लेना ही पड़ेगा।
Read more: SBI SCO Recruitment 2026: बिना परीक्षा 98 लाख तक का पैकेज, ऐसे करें अप्लाई
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने तकनीकी और डिजिटल बैंकिंग ढांचे को मजबूत करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा टेक्नोलॉजी के विशेषज्ञों की भर्ती का ऐलान किया है। बैंक ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर (SCO) के विभिन्न पदों पर अनुबंध (Contract) के आधार पर योग्य प्रोफेशनल्स से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि वरिष्ठ पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष तक निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 19 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
Read more: SBI के 3,897 ग्राहकों की निजी जानकारी डार्क वेब पर मिली, साइबर सुरक्षा एजेंसी कर रही जांच
चीफ एआई ऑफिसर और आर्किटेक्ट समेत कई अहम पदों पर मौका
एसबीआई इस भर्ती अभियान के जरिए डेटा एनालिटिक्स, डेटा इंजीनियरिंग, एआई गवर्नेंस और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर में दक्ष विशेषज्ञों को अपने साथ जोड़ रहा है। प्रमुख पदों में जनरल मैनेजर एवं चीफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ऑफिसर, डिप्टी जनरल मैनेजर (रिस्क एंड ऑपरेशनल एनालिटिक्स, एआई गवर्नेंस एंड कंप्लायंस, डेटा इंजीनियरिंग, मॉडल एप्लीकेशन डेवलपमेंट) के अलावा एआई सॉल्यूशन आर्किटेक्ट और एंटरप्राइज एआई आर्किटेक्ट शामिल हैं। यह भर्ती सामान्य क्लर्क या पीओ संवर्ग से पूरी तरह अलग और विशुद्ध रूप से तकनीकी विशेषज्ञता पर केंद्रित है।
विभिन्न पदों के लिए जरूरी शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
जनरल मैनेजर एवं चीफ एआई ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार की आयु 40 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदक के पास कंप्यूटर साइंस, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स या संबंधित संकाय में बीई/बीटेक या एमटेक, अथवा एमसीए, एमएससी या एम.स्टैट की डिग्री के साथ संबंधित क्षेत्र का लंबा अनुभव होना अनिवार्य है। वहीं, डिप्टी जनरल मैनेजर के पदों के लिए आयु सीमा 35 से 50 वर्ष रखी गई है। एआई सॉल्यूशन और एंटरप्राइज आर्किटेक्ट पदों के लिए 30 से 45 वर्ष के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास कंप्यूटर साइंस, एआई या डेटा साइंस में प्रासंगिक स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री होनी चाहिए।
Read more: 20 बैंकों ने दिया था आवेदन, फिर SBI ही क्यों चुना गया? विभाग ने बताई वजह
100 अंकों का इंटरव्यू और प्रेजेंटेशन के आधार पर चयन
उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी…शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और सीटीसी नेगोशिएशन। प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद योग्य अभ्यर्थियों को 100 अंकों के साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। कुछ उच्च पदों के लिए उम्मीदवारों को 10 मिनट का कार्ययोजना प्रेजेंटेशन भी देना होगा। अंतिम चयन इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित प्रोफेशनल्स के साथ सालाना पैकेज (CTC) पर चर्चा होगी।





