नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा होनी है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों नेता भारत और पोलैंड के बीच संबंधों की समीक्षा करेंगे। साथ ही व्यापार, सहयोग और अन्य क्षेत्रों में नए अवसरों को लेकर बातचीत करेंगे।
राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले डोनाल्ड टस्क राजघाट पहुंचे। यहां उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के शांति और अहिंसा के विचार आज भी पूरी दुनिया को प्रेरणा देते हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मिले डोनाल्ड टस्क
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आए हैं।
गुरुवार सुबह विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी डोनाल्ड टस्क से मुलाकात की। इसके बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने को लेकर टस्क के विचार जानकर अच्छा लगा।
दूसरी बार भारत दौरे पर आए हैं डोनाल्ड टस्क
पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में डोनाल्ड टस्क की यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह वर्ष 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे।
इसके अलावा वर्ष 2017 में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली का दौरा किया था।




