फॉण्ट कनवर्टर NEW

भागलपुर में सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों में भारी उबाल

भागलपुर के इस्माईलपुर में गुरुवार सुबह अपराधियों ने दुकान में सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले अंतर्गत नवगछिया पुलिस जिले के इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की अहले सुबह अपराधियों ने एक दंपती की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात इस्माईलपुर हटिया स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान में तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच हुई, जब दोनों दुकान के भीतर सो रहे थे। मृतकों की पहचान रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में की गई है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में गहरा आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

दुकान में सो रहे पति पर हमला, जान बचाकर भाग रही पत्नी को भी भूना

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रंजन मंडल अपनी पत्नी किरण देवी के साथ इस्माईलपुर हटिया में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे और रात में वहीं सोते थे। गुरुवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में धावा बोलकर सो रहे रंजन मंडल पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर जब उनकी पत्नी किरण देवी जान बचाने के लिए बाहर भागीं, तो अपराधियों ने उन्हें दौड़ाकर गोली मार दी। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने भी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से रोका, वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

घटना की खबर फैलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए ग्रामीणों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस को शव अपने कब्जे में लेने से रोक दिया। इसके बाद इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया-बुझाया और शांत कराया। इसके उपरांत ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।

डॉग स्क्वॉड से तफ्तीश तेज, एक संदिग्ध हिरासत में

इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा दिए गए इनपुट के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच को वैज्ञानिक दिशा देने के लिए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक व तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश, भूमि विवाद या किसी पुराने विवाद का हाथ हो सकता है। पुलिस सभी संभावित कोणों से जांच कर रही है और जल्द ही मामले के उद्भेदन का दावा किया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram