रांची : राजधानी रांची में दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इसे लेकर जिला प्रशासन ने शहरवासियों, पूजा समितियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार जताया है। रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सभी के सहयोग से जिले में दुर्गा पूजा का आयोजन भव्य और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ।
डीसी ने कहा कि पूजा के दौरान प्रशासन और पुलिस के साथ आम लोगों ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों, दंडाधिकारियों, नगर निगम, बिजली विभाग, शांति समिति, दुर्गा पूजा समितियों और युवा दस्ता के सदस्यों की सराहना की।
पूजा पंडालों में सुरक्षा और निगरानी की थी विशेष व्यवस्था
दुर्गा पूजा को लेकर रांची जिला प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारी की थी। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री और एसएसपी राकेश रंजन की देखरेख में जिलेभर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।
पूजा पंडालों और प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। विसर्जन स्थलों पर पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम मौजूद रही।
नशा मुक्ति को लेकर लोगों को किया गया जागरूक
दुर्गा पूजा के अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने पूजा पंडालों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रेरणा से शुरू किए गए इस अभियान के तहत पंडालों में फ्लैक्स लगाए गए।
इनके माध्यम से श्रद्धालुओं को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया। साथ ही लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान सहयोग करने वाले सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही इतने बड़े आयोजन को सफल बनाया जा सका।




