Palamu: झारखंड के पलामू जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन लोगों की जान डूबने से गई, जबकि मेदिनीनगर-पड़वा मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
हुसैनाबाद में कुएं और डैम में डूबने से दो की मौत
हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पतरा कला गांव निवासी अंबेडकर कुमार पासवान (35) खेत में सब्जियों के पौधों की सिंचाई करने गए थे। रविवार को घर से निकले अंबेडकर शाम तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर थाने में सूचना दी गई।
सोमवार शाम गांव की एक महिला ने कुएं में शव देखा और ग्रामीणों तथा परिजनों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। आशंका जताई जा रही है कि कुएं से पानी निकालते समय पैर फिसलने के कारण वह उसमें गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
वहीं, बेल बिगहा पंचायत के नावाडीह गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की ठेंगो गांव के पास कररबार नदी के डैम में डूबने से मौत हो गई। सोमवार शाम हुई घटना के बाद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। दोनों शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया गया।
पाटन में तालाब में डूबने से युवक की मौत
जिले के पाटन थाना क्षेत्र के केल्हार गांव निवासी आशीष ठाकुर (22) की गांव के शिव नदी मंदिर के पास स्थित तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। हालांकि, जिले में डूबने की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई है।
बाइक और पिकअप की टक्कर में युवक की मौत, भाई गंभीर
मेदिनीनगर-पड़वा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को गाड़ी गांव के पास सब्जी लदे पिकअप वाहन और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार जाउल हक (22) की मौत हो गई, जबकि उनका 12 वर्षीय भाई अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों सगे भाई थे और छतरपुर से मेदिनीनगर आ रहे थे। इसी दौरान मेदिनीनगर की ओर से जा रहे पिकअप वाहन से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हुए थे। स्थानीय ग्रामीणों ने पड़वा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जाउल हक को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अंसारी का इलाज जारी है।
पिकअप चालक फरार, पुलिस कर रही जांच
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पड़वा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और सब्जी लदे पिकअप को जब्त कर थाने पहुंचाया। पुलिस चालक और वाहन मालिक का पता लगाने में जुटी है।
एमएमसीएच में पोस्टमार्टम के बाद जाउल हक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिले में एक के बाद एक हुए हादसों ने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है।





