फॉण्ट कनवर्टर NEW

पेटरवार-तेनुघाट रोड में दो बाइकों की टक्कर, शिक्षक की मौत; एक गंभीर

बोकारो के पेटरवार-तेनुघाट मुख्य पथ पर टेना झील के पास दो बाइकों की टक्कर में शिक्षक गणेश महतो की मौत हो गई। हादसे में अशोक कुमार गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि घनश्याम करमाली को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

Bokaro: बोकारो जिले के पेटरवार-तेनुघाट मुख्य पथ पर टेना झील के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान पेटरवार थाना क्षेत्र के झिरके गांव निवासी गणेश महतो (45) के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक छा गया।

घर लौटते समय दूसरी बाइक से हुई टक्कर

पुलिस के अनुसार, गणेश महतो छत्रु राम महतो चौक पर अपनी पत्नी और बेटे को रांची जाने के लिए वाहन में बैठाने के बाद तेनु रोड स्थित अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान घर की ओर मुड़ने के लिए जैसे ही उन्होंने बाइक मोड़ी, सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।

दूसरी बाइक पर ओरदाना पंचायत के बंगा गांव निवासी अशोक कुमार और घनश्याम करमाली सवार थे। बताया गया कि अशोक कुमार तेनु रोड स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर पेटरवार की ओर जा रहे थे।

टक्कर में तीनों बाइक सवार घायल

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुंदन राज ने गंभीर रूप से घायल गणेश महतो और अशोक कुमार को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। वहीं, घनश्याम करमाली को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

रांची ले जाने के दौरान शिक्षक की मौत

हादसे में गणेश महतो और अशोक कुमार के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। गणेश महतो को बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

शिक्षक गणेश महतो की असामयिक मौत से उनके परिवार और गांव में शोक का माहौल है। हादसे में घायल अशोक कुमार का बेहतर इलाज कराने के लिए उन्हें रेफर किया गया था।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram