Bokaro: सीएम हेमंत सोरेन मंगलवार सुबह अपने पैतृक गांव नेमरा से अचानक कसमार पहुंच गए। उनके साथ उनकी पत्नी और गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। यह अनौपचारिक दौरा था, जिसका पहले से कोई आधिकारिक कार्यक्रम निर्धारित नहीं था।
कसमार पहुंचने के दौरान सीएम ने निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा सड़क का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की। सीएम के अचानक पहुंचने से स्थानीय लोग हैरान रह गए।
चाय-पकौड़ी की दुकान पर करीब 10 मिनट रुके मुख्यमंत्री
कसमार दौरे के दौरान हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन तीनकोनिया चौक स्थित कुणाल जायसवाल की चाय-पकौड़ी की दुकान पर पहुंचे। दोनों करीब 10 मिनट तक वहां रुके और गरमा-गरम पकौड़ी का स्वाद लिया। सीएम ने दुकान पर मौजूद ग्रामीणों को भी अपने हाथों से पकौड़ी खिलाई। अचानक सीएम और विधायक को अपने बीच पाकर वहां मौजूद लोग उत्साहित नजर आए। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके साथ सेल्फी ली और तस्वीरें भी खिंचवाईं।
निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा सड़क का लिया जायजा
सीएम ने नेमरा से कसमार पहुंचने के दौरान निर्माणाधीन कसमार-बरलंगा सड़क के काम की स्थिति देखी। सड़क निर्माण की प्रगति का जायजा लेने के बाद उन्होंने वापसी के दौरान सेवाती घाटी का भी दौरा किया। सीएम के पहुंचने की सूचना मिलने पर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा भी सेवाती घाटी पहुंचे। इस दौरान घाटी के विकास और क्षेत्र में सुधार कार्यों को लेकर चर्चा हुई।
अनौपचारिक दौरे पर कसमार पहुंचे थे हेमंत सोरेन
स्थानीय लोगों से बातचीत के दौरान सीएम ने स्पष्ट किया कि कसमार आने के पीछे कोई सरकारी या आधिकारिक कार्यक्रम नहीं था। वह घूमने के उद्देश्य से यहां पहुंचे थे। सीएम का यह सहज अंदाज स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। चाय-पकौड़ी की दुकान पर रुकने से लेकर ग्रामीणों से बातचीत करने तक, उनके इस अनौपचारिक दौरे की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।





