पलामू : पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे-39 पर एक पिकअप और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जियाउल हक के रूप में हुई है। वह छतरपुर में रहकर दुकान चलाते थे। घटना के बाद पुलिस ने पिकअप को जब्त कर लिया है।
डालटनगंज जाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, जियाउल हक मंगलवार को अपनी बाइक से डालटनगंज जा रहे थे। इसी दौरान गाड़ी गांव के पास सामने से आ रही सब्जियों से लदी पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जियाउल हक की जान चली गई।
जियाउल हक मूल रूप से पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर के रहने वाले थे। वह फिलहाल छतरपुर में रह रहे थे और दुकान चलाकर अपना जीवनयापन करते थे।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप को जब्त कर लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि बाइक और पिकअप की टक्कर में युवक की मौत हुई है। पिकअप पर सब्जियां लदी थीं। वाहन को जब्त कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
युवक की मौत से परिवार में मातम
घटना की जानकारी मिलते ही जियाउल हक के परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर सुनकर परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है।
वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार, गाड़ी गांव के पास पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




