फॉण्ट कनवर्टर NEW

सड़क हादसे के बाद बवाल, गुस्साए लोगों ने कार को किया आग के हवाले

झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। खोरीमहुआ-धनवार मुख्य मार्ग पर बिशनपुर के पास एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई,

अपनी भाषा में पढ़ें

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार में मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। खोरीमहुआ-धनवार मुख्य मार्ग पर बिशनपुर के पास एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार में आग लगा दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद लोगों ने कार में लगाई आग

जानकारी के अनुसार, बिशनपुर के पास एक तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो गई और सड़क पर चल रहे ऑटो समेत अन्य वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब 12 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना से नाराज लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद इलाके में हंगामा शुरू हो गया।

पुलिस ने लोगों को कराया शांत

घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार और धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया गया।

वहीं, हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram