रांची : झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य की जेलों में निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के 29 पदों पर सीधी नियुक्ति की तैयारी शुरू हो गई है। गृह विभाग ने भर्ती के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को अधियाचना भेज दी है। इसके साथ ही पद सृजन का आदेश और नियुक्ति नियमावली भी उपलब्ध करा दी गई है। संभावना है कि भर्ती का विज्ञापन अगले महीने जारी किया जाएगा।
29 पदों पर होगी सीधी नियुक्ति
झारखंड की जेलों में लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के कुल 29 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों पर नियुक्ति झारखंड राज्य कारा लिपिक सह कंप्यूटर संचालक संवर्ग नियुक्ति नियमावली-2025 के तहत होगी। गृह विभाग की ओर से अधियाचना भेजे जाने के बाद अब जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।
12वीं पास उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा कंप्यूटर एप्लीकेशन में कम से कम छह महीने का डिप्लोमा होना चाहिए। यह डिप्लोमा सरकार से मान्यता प्राप्त निबंधित संस्थान से होना चाहिए। उम्मीदवारों को कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और हिंदी टाइपिंग का ज्ञान भी होना जरूरी है।
परीक्षा के आधार पर होगा चयन
इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन झारखंड इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों के कंप्यूटर ज्ञान और हिंदी टाइपिंग से जुड़ी योग्यता की जांच की जाएगी। भर्ती की पूरी प्रक्रिया और अन्य शर्तों की जानकारी आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद मिलेगी।
जेलों में कुल 49 पद किए गए हैं सृजित
गृह विभाग ने राज्य की जेलों के लिए लिपिकों के कुल 49 पद सृजित किए हैं। इनमें 29 पद निम्नवर्गीय लिपिक के हैं, जिन पर सीधी नियुक्ति होगी। वहीं, उच्चवर्गीय लिपिक के 20 पद प्रोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे।
अगले महीने जारी हो सकता है विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, जेएसएससी की ओर से नवंबर में भर्ती का विज्ञापन जारी किए जाने की संभावना है। इससे पहले वर्ष 2023 में शुरू हुई इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी गई थी। अब नई भर्ती की तैयारी से उम्मीदवारों में उम्मीद जगी है।
इच्छुक उम्मीदवार जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in पर भर्ती से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन की तारीख, आयु सीमा, परीक्षा शुल्क और अन्य जरूरी जानकारी विज्ञापन जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।




