New Delhi: दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित ‘खेल महाकुंभ 2026’ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में भारतीय खेल जगत के चमकते सितारों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। राजधानी में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में एशियन गेम्स 2026 के पदक विजेताओं ने शिरकत की और युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा किए। एशियन गेम्स की महिला स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचने वाली निशानेबाज राइजा ढिल्लों ने इस दौरान कहा कि शूटिंग में भारतीय लड़कियां लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और आने वाले समय में देश के लिए और भी बड़े पदक आएंगे।
ऐतिहासिक रहा एशियन गेम्स का सफर, वर्ल्ड कप पर फोकस
राइजा ढिल्लों ने बताया कि एशियन गेम्स में महिला स्कीट स्पर्धा का पदक भारत के लिए ऐतिहासिक था, क्योंकि इससे पहले इस श्रेणी में देश को पदक नहीं मिला था। उन्होंने कहा कि शॉटगन और स्कीट स्पर्धाओं में देश की प्रतिभाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। अपने भविष्य के लक्ष्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनका अगला ध्यान इंटरनेशनल वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैंपियनशिप्स पर है। युवा खिलाड़ियों को सफलता का मंत्र देते हुए उन्होंने नियमित दिनचर्या, स्तरीय कोचिंग और तकनीक पर ध्यान केंद्रित रखने की सलाह दी।
कबड्डी चैंपियन निकिता और मनीषा ने साझा किए अनुभव
एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की खिलाड़ी निकिता कुमारी ने अपनी कड़ी ट्रेनिंग और अनुशासन के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि फिट रहने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबदबा बनाए रखने के लिए वे एक दिन की छुट्टी भी नहीं लेते, क्योंकि निरंतर अभ्यास ही खिलाड़ियों को आगे रखता है। वहीं, कबड्डी खिलाड़ी मनीषा कुमारी ने कहा कि पोडियम पर राष्ट्रगान बजना और तिरंगे को सबसे ऊंचा लहराते देखना किसी भी एथलीट के लिए सबसे गर्व का क्षण होता है। उन्होंने युवाओं से हर क्षेत्र में शत-प्रतिशत प्रयास करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात ने बढ़ाया हौसला
एथलीटों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुई मुलाकात को भी बेहद प्रेरणादायक बताया। कबड्डी खिलाड़ी निकिता ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना एक अद्भुत अनुभव था, जहां पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को आगामी ओलंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए कड़ी मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा भारतीय नाविक (सेलर) नेत्रा कुमानन ने भी कॉन्क्लेव में अपने विचार रखे और कहा कि खेल हर व्यक्ति के जीवन को सकारात्मक दिशा में बदलने की क्षमता रखता है।




