सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में लगातार दूसरे दिन शव मिलने का मामला सामने आया है। कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में बुधवार सुबह करीब 6 बजे तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ देखा गया। इससे पहले मंगलवार को इसी परिसर के खेत में एक युवक का शव मिला था। एक ही जगह पर 24 घंटे के भीतर दो शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर तालाब में तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लगातार दो दिनों में शव मिलने से स्थानीय लोग भी हैरान हैं।
दोनों मौतों के कारणों का नहीं चला पता
मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र के खेत में युवक का शव मिलने की सूचना पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। अब बुधवार को उसी परिसर के तालाब में दूसरा शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों लोगों की मौत कैसे हुई और इन घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं।
खबर लिखे जाने तक बुधवार को मिले शव को तालाब से बाहर नहीं निकाला गया था और पुलिस भी मौके पर नहीं पहुंची थी। मृतक की पहचान और मौत की वजह का पता नहीं चल सका था। पुलिस जांच के बाद ही घटना की सही जानकारी सामने आ सकेगी।r
Read More : दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा पर विशेष नजर, जमशेदपुर में DIG और SSP ने किया निरीक्षण




