Patna: इस बार दुर्गा पूजा में राजधानीवासियों को शहर में ही सीतामढ़ी के पुनौरा धाम और नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम के दर्शन करने का अनूठा मौका मिलेगा। बोरिंग रोड स्थित कृष्णापुरी में प्राइड ऑफ बिहार समिति की तरफ से सीतामढ़ी के पुनौरा धाम मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं मीठापुर के गौरिया मठ के पास नैनीताल के प्रसिद्ध कैंची धाम के स्वरूप में पंडाल बनाया जा रहा है।
दुर्गा पूजा पंडालों में पुनौरा धाम और कैंची धाम के दर्शन
बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज से लेकर बोरिंग रोड चौराहा तक आकर्षक लाइटनिंग का काम किया जाएगा। प्राइड ऑफ बिहार समिति के सचिव रमेश कुमार सिंह ने बताया कि सरकार के वोकल टू लोकल आह्वान पर इस बार बंगाल, महाराष्ट्र या ओड़िशा के बजाय जमुई के विशेष कलाकारों से पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बिहार की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। उन्होंने कहा कि बिजली कंपनियों के सहयोग से आसानी से अस्थायी कनेक्शन मिल गया है और लाइटनिंग का काम जोर-शोर से चल रहा है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था और प्रसाद वितरण
जिला प्रशासन के साथ हुई बैठकों के बाद मेले में सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं:
पुलिस दीदी की तैनाती: पंडाल के आसपास महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए स्कूटी के साथ महिला पुलिस कर्मियों (पुलिस दीदी) की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी को असुविधा न हो।
डायल 112 की टीम: बच्चों और युवाओं की सुरक्षा के लिए आपातकालीन स्थिति में डायल 112 की टीम भी मौके पर मुस्तैद रहेगी।
कैंची धाम पंडाल में महाप्रसाद: मीठापुर में बन रहे कैंची धाम पंडाल के कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बताया कि 15 जून 1964 को नीम करोली बाबा द्वारा इस मंदिर में बजरंगबली की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। इस पंडाल में सप्तमी, अष्टमी और नवमी के विशेष अवसरों पर लगभग 2 लाख श्रद्धालुओं के लिए खीर, खिचड़ी और हलवे का महाप्रसाद तैयार किया जाएगा। प्रशासन के निर्देशानुसार यहां भी पंडाल के आसपास विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा।




