रामगढ़ : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के बीच भी लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। मंगलवार को अपने पैतृक गांव नेमरा में उन्होंने राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों से मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने जमीन, इलाज, रोजगार और मुआवजे से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। सीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जमीन, इलाज और रोजगार की समस्या लेकर पहुंचे लोग
गिरिडीह जिले के केश्वरी गांव निवासी माधो पासवान अपनी दृष्टि दिव्यांग बेटी कालो कुमारी के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। उन्होंने अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की।
वहीं, रांची के सिल्ली प्रखंड निवासी विश्राम बेदिया ने अपनी बीमार पत्नी एतवारी देवी के इलाज की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। रामगढ़ के हेठबरगा निवासी राज बेदिया ने रोजगार और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की मांग रखी।
इसके अलावा, सौंकी गांव के एक युवक ने अपने भाई अनू कुमार बेदिया की मौत के बाद मुआवजा दिलाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने सभी की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे लोग
मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन के निधन के बाद नेमरा में श्राद्धकर्म चल रहा है। विभिन्न क्षेत्रों से लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। लोग उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
इस दौरान लोग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त कर रहे हैं।
श्राद्धकर्म की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को अपने पैतृक आवास पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें दशकर्म और संस्कार भोज की तैयारियों की समीक्षा की गई।
सीएम ने कहा कि कार्यक्रम में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग, यातायात और अन्य जरूरी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की जाए, ताकि आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
गोला चौक पर छोटा गोलंबर बनाने का निर्देश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने रामगढ़ के गोला चौक पर छोटा गोलंबर बनाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे वाहनों की आवाजाही आसान होगी और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।




