नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में धरना-प्रदर्शन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को नया आदेश जारी कर जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है। अब दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए तीन नए स्थान तय किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
जंतर-मंतर लंबे समय से विरोध प्रदर्शन और जन आंदोलनों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां विभिन्न संगठन और लोग अपनी मांगों को लेकर धरना देते रहे हैं। लेकिन नए आदेश के बाद यह जगह आधिकारिक प्रदर्शन स्थलों की सूची में शामिल नहीं रहेगी।
इन तीन जगहों पर हो सकेंगे प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस के नए आदेश के अनुसार, राजधानी में धरना-प्रदर्शन के लिए तीन स्थान चिह्नित किए गए हैं। इनमें मध्य दिल्ली का रामलीला मैदान, उत्तरी दिल्ली का बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड शामिल हैं।
इन स्थानों पर प्रदर्शन और मार्च आयोजित करने के लिए संशोधित नियम और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अलग से जारी की जाएगी।
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की ओर से जारी स्टैंडिंग ऑर्डर नंबर L&O/48/2026 के तहत यह बदलाव किया गया है। यह आदेश 28 अप्रैल 2022 के पुराने आदेश में आंशिक संशोधन है।
नए निर्देशों को लागू करने के लिए सभी विशेष पुलिस आयुक्तों, संयुक्त पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस उपायुक्तों को आदेश भेज दिया गया है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर फैसला
जंतर-मंतर संसद भवन, राष्ट्रपति भवन और सुप्रीम कोर्ट के नजदीक स्थित है। यहां बड़े प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर चुनौतियां सामने आ सकती हैं।
पुलिस के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय की उच्चस्तरीय समीक्षा समिति की सिफारिशों के आधार पर नए प्रदर्शन स्थल तय किए गए हैं। इसका उद्देश्य लोगों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार को बनाए रखते हुए प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराना है।




