रांची: कांके थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल और गोली के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साथ दो किशोरों को भी पकड़ा है। कार्रवाई संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास की गई। गिरफ्तार युवक की पहचान होचर निवासी 21 वर्षीय हेमंत मुंडा उर्फ हेमानंद मुंडा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को मनातु निवासी बबलू नायक ने थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि हेमंत मुंडा और दो अन्य लड़कों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। शिकायत के बाद पुलिस ने सन्हा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
इसी बीच मंगलवार रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि संग्रामपुर ओवरब्रिज के पास कुछ संदिग्ध युवक मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान हेमंत मुंडा के पास से 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और एक जिंदा गोली मिली। गोली पर KF 7.65 लिखा हुआ है। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। इनमें एक रेडमी नोट प्रो और दूसरा रियलमी 5 प्रो है।
पुलिस ने इस मामले में कांके थाना कांड संख्या 206/26 दर्ज किया है। आरोपी युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार हेमंत मुंडा को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है, जबकि दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
कार्रवाई में कांके थानेदार सह इंस्पेक्टर कुणाल कुमार, सब इंस्पेक्टर तंजील खान, अरविंद कुमार, सतीश कुमार, एएसआई भीम सिंह और थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
Read more : रांची में गंदा पानी बहाने और बिना अनुमति सड़क काटने पर निगम की कार्रवाई, दो लोगों पर 5-5 हजार जुर्माना



