फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची नगर निगम को मिलीं चार नई हाइड्रोलिक मशीनें, 15.5 मीटर तक ऊंचाई पर करेंगी काम

शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर और तेज करने के लिए रांची नगर निगम ने चार नई हाइड्रोलिक स्काई लिफ्टर मशीनें शुरू की हैं। मंगलवार को महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने नगर निगम कार्यालय परिसर से इन मशीनों का उद्घाटन किया

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर और तेज करने के लिए रांची नगर निगम ने चार नई हाइड्रोलिक स्काई लिफ्टर मशीनें शुरू की हैं। मंगलवार को महापौर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार ने नगर निगम कार्यालय परिसर से इन मशीनों का उद्घाटन किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

चार नई मशीनों के आने के बाद नगर निगम के पास अब कुल छह स्काई लिफ्टर मशीनें हो गई हैं। इससे पहले निगम के पास दो मशीनें थीं।

15.5 मीटर तक ऊंचाई पर करेंगी काम

नई मशीनों में एक हाइड्रोलिक स्काई लिफ्टर की कीमत 46 लाख रुपये है। यह मशीन 15.5 मीटर तक की ऊंचाई पर काम कर सकती है और 200 किलो तक वजन उठा सकती है।

वहीं, बाकी तीन मशीनों की कीमत 41 लाख रुपये प्रति मशीन है। ये मशीनें 11.5 मीटर तक की ऊंचाई पर काम कर सकती हैं और 200 किलो तक वजन उठा सकती हैं।

पेड़ों की छंटाई और स्ट्रीट लाइट की होगी मरम्मत

नगर निगम इन मशीनों का इस्तेमाल सड़क किनारे लटकी पेड़ों की डालियों की छंटाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और ऊंचाई पर होने वाले बिजली व रोशनी से जुड़े कामों में करेगा।

पर्व-त्योहारों के दौरान भी इन मशीनों की मदद से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जरूरी काम तेजी से किए जा सकेंगे। मशीनों के बेहतर इस्तेमाल के लिए नगर निगम ने रोस्टर तैयार किया है। इसके अनुसार अलग-अलग इलाकों में जरूरत के हिसाब से मशीनें भेजी जाएंगी।

महापौर ने कहा- काम में आएगी तेजी

महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम लोगों को समय पर और बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रहा है। चार नई मशीनों के आने से पेड़ों की छंटाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और दूसरे जरूरी कामों में तेजी आएगी।

उन्होंने कहा कि पहले निगम के पास दो स्काई लिफ्टर थे। अब चार नई मशीनों के जुड़ने से इनकी संख्या छह हो गई है।

ऊंचाई वाले काम होंगे आसान

उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि नई मशीनों से ऊंचाई पर होने वाले काम आसानी से और सुरक्षित तरीके से किए जा सकेंगे। नागरिकों की शिकायतों और जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, पेड़ों की छंटाई और अन्य कामों को प्राथमिकता से पूरा करने में इन मशीनों से मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram