रांची: दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और शांति समितियों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित सीएम आवासीय कार्यालय में उनसे शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान समितियों के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को चुनरी, मां दुर्गा की प्रतिमा और गुलदस्ता भेंट किया। साथ ही उन्हें रांची के अलग-अलग पूजा पंडालों में सपरिवार आने और माता रानी के दर्शन करने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए पूजा पंडालों में आने की बात कही।
प्रशासन के सहयोग के लिए जताया आभार
पूजा समितियों के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिला प्रशासन की ओर से पूजा की तैयारियों में पूरा सहयोग मिल रहा है। अधिकारियों के साथ कई बार बैठक कर पूजा से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान किया जा रहा है।
समितियों ने प्रशासन और राज्य सरकार के सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह सहयोग मिलने की उम्मीद है।
पर्यावरण के अनुकूल विसर्जन पर जोर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूजा समितियों से मूर्ति विसर्जन के दौरान पर्यावरण का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आस्था और परंपरा के साथ पर्यावरण की सुरक्षा भी जरूरी है।
उन्होंने पूजा समितियों और सरकार को मिलकर पर्यावरण के अनुकूल विसर्जन की व्यवस्था तैयार करने का सुझाव दिया, ताकि तालाबों और दूसरे जलस्रोतों को नुकसान न पहुंचे।
पंडालों में लगाए जाएंगे नशामुक्ति के होर्डिंग
मुख्यमंत्री ने पूजा पंडालों में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता वाले बैनर और होर्डिंग लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त झारखंड बनाने के लिए सरकार के साथ सामाजिक और धार्मिक संगठनों को भी आगे आना होगा।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया। पूजा समितियों ने भरोसा दिया कि पंडालों में नशामुक्ति से जुड़े बैनर और होर्डिंग लगाए जाएंगे। अनाउंसमेंट के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
बिजली-पानी और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा को लेकर सभी समितियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशासन को बिजली, पानी, साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने खास तौर पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने वाला पर्व है।
मुलाकात के दौरान रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जिले में दुर्गा पूजा की तैयारियों की जानकारी दी। बैठक में रांची जिला दुर्गा पूजा समिति, रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति और शांति समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।



