रांची: OBC आरक्षण और जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग कॉलम की मांग को लेकर मंगलवार को पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति ने झारखंड बंद का आह्वान किया। बंद का असर राजधानी रांची में भी दिखा। अरगोड़ा चौक पर समिति के समर्थकों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी OBC के लिए जनगणना में अलग कॉलम देने और आरक्षण से जुड़ी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान अरगोड़ा चौक पर काफी संख्या में लोग जुट गए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
5 जिलों में OBC आरक्षण बहाल करने की मांग
समिति ने झारखंड के पांच जिलों में OBC आरक्षण खत्म किए जाने का विरोध किया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन जिलों में OBC आरक्षण को फिर से लागू किया जाना चाहिए। इसके अलावा जनगणना में OBC के लिए अलग कॉलम शामिल करने की भी मांग की गई है।
अरगोड़ा चौक पर घंटों लगा जाम
प्रदर्शन के कारण अरगोड़ा चौक और आसपास की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में कई लोग घंटों फंसे रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने यातायात को नियंत्रित करने के लिए कई रूट डायवर्ट किए।
बाजार की कई दुकानें बंद
बंद का असर अरगोड़ा चौक के बाजार पर भी देखने को मिला। कई प्रमुख दुकानें बंद रहीं। प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण इलाके में सामान्य गतिविधियां प्रभावित हुईं और लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।




