रांची : राजधानी रांची में होटल और बार की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने शनिवार देर रात अभियान चलाया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर कोतवाली और लालपुर इलाके में पुलिस की विशेष टीमों ने छह से अधिक होटल और बार में छापेमारी की।
कचहरी चौक के पास स्थित एक होटल में छापेमारी के दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। पुलिस ने होटल के कमरों से छह से अधिक युवतियों को हिरासत में लिया। वहीं, कई युवकों को भी पूछताछ के लिए रोका गया है।
पुलिस के अनुसार, होटल में कमरे बुक कर संदिग्ध गतिविधियां चलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने अचानक होटल में छापेमारी की। पुलिस ने रिसेप्शन से लेकर कमरों तक की जांच की और होटल में ठहरे लोगों की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने मौके से कुछ मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किया है। इनकी जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवतियां होटल तक कैसे पहुंचती थीं, ग्राहकों से संपर्क कैसे होता था और पैसों का लेन-देन किस तरह किया जाता था। पुलिस को मामले में बिचौलियों की भूमिका की भी आशंका है।
एएसपी कोतवाली निखिल राय ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। होटल के दस्तावेज, कमरों की बुकिंग और मोबाइल से मिली जानकारी के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने लालपुर इलाके के कई बार की भी जांच की और कुछ संदिग्ध युवक-युवतियों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य होटल और बार की आड़ में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read more ;लोहरदगा के शहीद एसपी अजय कुमार सिंह को अधिकारियों और परिजनों ने किया नमन



