फॉण्ट कनवर्टर NEW

खाद्य सुरक्षा को लेकर राज्य में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो दुकानें सील

पटना में शिवा छप्पन भोग की जांच, पूर्णिया में बिना लाइसेंस दो दुकानें सील

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार में आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने राज्यभर में निरीक्षण और कार्रवाई तेज कर दी है। 3 अक्टूबर को पटना, मुजफ्फरपुर, सहरसा, पूर्णिया, मुंगेर, लखीसराय, वैशाली, गया और अन्य क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान दुकानों की साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा लाइसेंस, भंडारण व्यवस्था, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और अन्य मानकों की जांच की गई। कई जगह खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए।

पटना में शिवा छप्पन भोग की जांच

फुलवारी शरीफ स्थित शिवा छप्पन भोग का खाद्य सुरक्षा टीम ने निरीक्षण किया। यहां स्वच्छता व्यवस्था में कमियां मिलीं और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट भी प्रस्तुत नहीं किए गए। विभाग ने प्रतिष्ठान को साफ-सफाई सुधारने और कर्मचारियों की नियमित चिकित्सीय जांच कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए 14 दिन का समय दिया गया। टीम ने पेड़ा, सादा खोवा, रसगुल्ला, लड्डू और सोन पापड़ी के नमूने भी जांच के लिए लिए।

मुजफ्फरपुर में दो प्रतिष्ठानों को नोटिस

मुजफ्फरपुर में M/S Alok Enterprises और M/S Shubham Enterprises का निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमियां पाई गईं। Alok Enterprises को साफ-सफाई, लाइसेंस प्रदर्शन और स्टॉक प्रबंधन में FIFO एवं FEFO प्रणाली अपनाने का निर्देश दिया गया। Shubham Enterprises को स्वच्छता, स्टोरेज, परिवहन, व्यक्तिगत स्वच्छता और रिकॉर्ड-कीपिंग से जुड़ी कमियां दूर करने को कहा गया।

पूर्णिया में बिना लाइसेंस दो दुकानें सील

बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान बिना वैध लाइसेंस संचालित दो दुकानों को सील कर दिया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्वीट्स शॉप से पनीर, घी, खोवा और मिठाई के नमूने भी संग्रहित किए गए।

सहरसा में मिठाई और पनीर के नमूने

सहरसा के सोनवर्षा राज क्षेत्र में कई मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और भंडारण व्यवस्था संतोषजनक मिली, जबकि अनुपम मिष्ठान भंडार में कमियां पाई गईं। विभाग ने यहां FSSR-2011 के Schedule-4 के प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया। विभिन्न प्रतिष्ठानों से पनीर और खोवा के नमूने लिए गए।

मुंगेर में दूध और दुग्ध उत्पादों की जांच

ITC डेयरी, मुंगेर क्षेत्र में दूध और दुग्ध उत्पादों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा। प्रतिष्ठान को FSSAI के निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

गया में मेला क्षेत्र में जागरूकता

गया के मेला क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी गई। इस दौरान तीन खाद्य नमूने भी संग्रहित किए गए।

लाइसेंस के बिना कारोबार पर सख्ती

स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य कारोबारियों को वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या पंजीकरण के साथ ही कारोबार करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन और बिना वैध लाइसेंस कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram