Bokaro: बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र के आहार टोला में पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दुकान से विदेशी शराब और बीयर की 70 बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से दुकान संचालक कृष्णा मुर्मू को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 2 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
दुकान में मिला शराब का स्टॉक
पुलिस टीम ने आहार टोला और घोईचा टोला में छापेमारी की। आहार टोला स्थित कृष्णा मुर्मू की दुकान की तलाशी के दौरान कार्टन में रखी शराब और बीयर मिली। इसमें रॉयल चैलेंजर 180 एमएल की 11 बोतल, 375 एमएल की 11 बोतल, किंगफिशर बीयर 650 एमएल की 36 बोतल और बडवाइजर बीयर 650 एमएल की 12 बोतल शामिल हैं। पुलिस ने कुल 70 बोतल बरामद होने की बात कही है।
आरोपी गिरफ्तार, केस दर्ज
पुलिस के अनुसार दुकान संचालक कृष्णा मुर्मू को मौके से गिरफ्तार किया गया। वह आहार टोला, माराफारी का रहने वाला है। मामले में माराफारी थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को धारा 292, 274, 275, 132, 3(5) बीएनएस और 47(ए) उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे
कार्रवाई में पुअनि सतेन्द्र पासवान, सअनि रविन्द्र मांझी समेत माराफारी थाना और पुलिस केंद्र बोकारो के पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।





