लोहरदगा: जिले में एक बार फिर कथित तौर पर राहुल सिंह गिरोह के नाम पर लेवी मांगने और धमकी देने का मामला सामने आया है। इस बार हरमू रोड स्थित सीमेंट कारोबारी राजेंद्र वर्मा की दुकान को निशाना बनाया गया। दो दिन पहले कारोबारी को व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजकर लेवी मांगी गई थी और नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी।
इसके बाद शुक्रवार रात अज्ञात अपराधियों ने राजेंद्र वर्मा की दुकान पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पहले व्हाट्सऐप पर मिली धमकी
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र वर्मा को दो दिन पहले व्हाट्सऐप पर लेवी के लिए धमकी भरा मैसेज मिला था। मैसेज कथित तौर पर राहुल सिंह गिरोह के नाम से भेजा गया था। इसके बाद कारोबारी ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
शुक्रवार रात दुकान पर फायरिंग के बाद शनिवार सुबह जब राजेंद्र वर्मा दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें शटर पर गोली चलने के निशान मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने बढ़ाई गश्त
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शहर में गश्त बढ़ा दी है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी तेज कर दी गई है।
लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने फायरिंग की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान करने के साथ ही फायरिंग और लेवी की धमकी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।




