फॉण्ट कनवर्टर NEW

सारण बाढ़: पानापुर में हेलीकॉप्टर से एयर ड्रॉप की गई राहत सामग्री, सीएम का निर्देश

सारण के बाढ़ प्रभावित पानापुर प्रखंड में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर गोरखपुर से मंगाए गए हेलीकॉप्टर द्वारा स्टेट हैंगर पटना से ड्राई राशन पैकेट्स की एयर ड्रॉपिंग की गई।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बाढ़ से घिरे इलाकों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करते हुए राज्य सरकार ने सारण जिले के पानापुर प्रखंड में हवाई मार्ग से राहत सामग्री पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार गुरुवार को पानापुर के जलमग्न क्षेत्रों में ड्राई राशन पैकेट्स की एयर ड्रॉपिंग के लिए पटना स्थित स्टेट हैंगर से विशेष हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। इस दौरान पटना के जिलाधिकारी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने राहत सामग्री की लोडिंग, सुरक्षा मानकों तथा एयर ड्रॉपिंग व्यवस्था की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की।

गोरखपुर से विशेष रूप से मंगवाया गया हेलीकॉप्टर

आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा साझा किए गए विवरण के अनुसार, सारण जिला प्रशासन ने पानापुर के जलमग्न इलाकों में सड़क संपर्क पूरी तरह टूटने के कारण आपातकालीन अतिरिक्त राशन पैकेट्स की मांग की थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर फौरी तौर पर गोरखपुर से विशेष हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई। इस हेलीकॉप्टर के माध्यम से तैयार ड्राई राशन के पैकेट्स को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे ग्रामीणों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए भेजा गया।

आला अधिकारियों ने ग्राउंड जीरो और स्टेट हैंगर पर संभाला मोर्चा

इस पूरे राहत अभियान का संचालन मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के मार्गदर्शन और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल के सीधे निर्देशन में किया जा रहा है। पटना स्टेट हैंगर पर आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त सचिव अविनाश कुमार एवं जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता मो. आसिफ इकबाल सहित तकनीकी अधिकारियों की टीम तैनात रही। अधिकारियों ने उड़ान से पहले सभी पैकेट्स की गुणवत्ता और पैकेजिंग की गहन जांच की, ताकि ऊंचाई से गिराए जाने पर सामग्री सुरक्षित रहे।

जलमग्न पानापुर में पीड़ितों तक सीधी सहायता

सारण जिले के पानापुर प्रखंड में गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि और तटबंधों पर दबाव के चलते कई निचले गांव पानी से घिर चुके हैं। सड़क मार्ग से संपर्क बाधित होने के कारण प्रशासन ने हवाई मार्ग से मदद पहुंचाने का फैसला लिया। आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक जमीनी संपर्क बहाल नहीं होता, तब तक प्रभावित आबादी को भुखमरी और आवश्यक वस्तुओं की किल्लत से बचाने के लिए आवश्यकतानुसार एयर ड्रॉपिंग का सिलसिला जारी रखा जाएगा।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram