जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित LIC की बिल्डिंग में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। आग चौथी मंजिल पर बने कॉन्फ्रेंस हॉल में लगी। देर रात करीब 2 बजे आग की लपटें दिखाई देने के बाद बिल्डिंग में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टाटा स्टील के अग्निशमन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। करीब चार दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग काफी तेज होने के कारण दमकल कर्मियों को करीब तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। लगातार प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बिल्डिंग की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्रवाई जारी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही एलआईसी के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि आग चौथी मंजिल पर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में लगी थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग से बड़े नुकसान की आशंका कम है। हालांकि, बिल्डिंग और सामान को हुए नुकसान का आकलन जांच के बाद किया जाएगा।
अग्निशमन विभाग की शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल आग के वास्तविक कारण और नुकसान की स्थिति की जांच की जा रही है।




