फॉण्ट कनवर्टर NEW

बच्चों को घर के काम सिखाने के आसान तरीके, खेल-खेल में बनेंगे जिम्मेदार

घर में सामान बिखेरने वाले बच्चों को डांटने के बजाय वीकेंड पर खेल, म्यूजिक और छोटे-छोटे टास्क के जरिए आसानी से घर का रख-रखाव और जरूरी काम सिखाया जा सकता है।
बच्चों को घर के काम सिखाने के आसान तरीके

अपनी भाषा में पढ़ें

Lifestyle Adda: यदि घर में छोटे बच्चे हों, तो घर हर समय व्यवस्थित और साफ-सुथरा नजर आए, इसकी अपेक्षा करना स्वाभाविक नहीं है। बच्चे अक्सर खेल-कूद के दौरान खिलौने, किताबें और कपड़े इधर-उधर बिखेर देते हैं। ऐसे में उन्हें डांटने या खुद अकेले सारा काम समेटने के बजाय वीकेंड के समय को एक अवसर के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। सप्ताह के अंत में बच्चों को उनकी उम्र के अनुकूल छोटे-छोटे कामों में शामिल करके न सिर्फ घर को व्यवस्थित किया जा सकता है, बल्कि उनमें जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता की आदत भी डाली जा सकती है।

छोटे टास्क और हाथ बंटाने की सीख

कोई भी बच्चा एक ही दिन में पूरे घर की सफाई या व्यवस्था नहीं सीख सकता। इसके लिए उन्हें पूरे कमरे के बजाय किसी एक कोने या छोटी जगह की जिम्मेदारी सौंपें। शुरुआत उनकी निजी वॉर्डरोब या कपड़ों की अलमारी से की जा सकती है। उन्हें समझाएं कि पहले सभी कपड़ों को बाहर निकालें, फिर उन्हें सही ढंग से तह करें और इस क्रम में रखें कि जरूरत पड़ने पर उन्हें बिना अस्त-व्यस्त किए आसानी से निकाला जा सके। यदि बच्चा ठीक से नहीं कर पा रहा हो, तो बीच में टोकने के बजाय खुद साथ बैठकर शर्ट मोड़ना और मोजों का जोड़ा बनाकर रखना सिखाएं। इसी तरह बुक शेल्फ व्यवस्थित करते समय बड़ी किताबें पीछे और छोटी किताबें आगे रखने का नियम बताएं।

म्यूजिक और खेल-खेल में काम

काम सीखते समय बच्चे बिल्कुल बोर न हों, इसके लिए माहौल को हल्का और मनोरंजक बनाना सबसे कारगर उपाय है। काम शुरू करते समय उनकी पसंद का कोई खुशनुमा म्यूजिक चला दें और बीच-बीच में छोटा ब्रेक लेकर उनके साथ डांस करें। इसके अलावा टाइमर या अलार्म का इस्तेमाल कर इसे एक खेल का रूप दिया जा सकता है। उदाहरण के लिए, उन्हें 5 मिनट का अलार्म लगाकर 5 जोड़ी जूते या खिलौने रैक में सहेजने की चुनौती दें। खेल के अंदाज में बच्चे दबाव महसूस नहीं करते और निर्धारित समय में अपना टास्क तेजी से पूरा करने का प्रयास करते हैं।

सार्वजनिक तारीफ और प्रोत्साहन का असर

टास्क पूरा होने के बाद किया गया वादा निभाना बच्चों के आत्मविश्वास के लिए बेहद जरूरी है। यदि बच्चे ने समय पर अपना काम पूरा कर लिया है, तो उसे चॉकलेट, कोई पसंदीदा उपहार दें या उसकी पसंद की कोई खास डिश बनाकर खिलाएं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि परिवार के अन्य सदस्यों के सामने उसके इस प्रयास की खुलकर तारीफ करें। दूसरों के सामने मिलने वाली यह सराहना बच्चे के भीतर जिम्मेदारी की भावना मजबूत करती है और उसे भविष्य में भी घर के कामों में हाथ बंटाने के लिए प्रेरित करती है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram