रांची: झारखंड में 22 सितंबर से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा की संभावना है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ वज्रपात भी हो सकता है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
रांची में भी बारिश के आसार
राजधानी रांची में 26 सितंबर को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान एक से अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रांची में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
27 सितंबर को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 27 सितंबर को भी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं, 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अगले दो दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।




