रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ईडी के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश हुए। बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी के विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत में सुनवाई हुई।
सुनवाई के दौरान हेमंत सोरेन ने अदालत से और समय देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि ईडी की ओर से दाखिल किए गए कई दस्तावेजों का वह अध्ययन करना चाहते हैं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी के निधन का भी जिक्र किया और कहा कि इस घटना से वह व्यथित हैं। उन्होंने अपनी मानसिक स्थिति का हवाला देते हुए अदालत से समय देने का अनुरोध किया।
इसके बाद अदालत ने आरोप गठन पर सुनवाई के लिए 30 सितंबर की तारीख तय की है। अब इस मामले में 30 सितंबर को सुबह 11:15 बजे सुनवाई होगी।
8.86 एकड़ जमीन से जुड़ा है मामला
यह मामला रांची के बड़गाईं अंचल की 8.86 एकड़ जमीन से संबंधित है। ईडी का आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर जमीन का अवैध तरीके से अधिग्रहण किया गया। ईडी ने इस मामले में जमीन से जुड़े लेन-देन में मनी लॉन्ड्रिंग का भी आरोप लगाया है।
इससे पहले अदालत ने हेमंत सोरेन की याचिका खारिज करते हुए 24 सितंबर को आरोप गठन पर सुनवाई की तारीख तय की थी। अब यह सुनवाई 30 सितंबर को होगी।




