फॉण्ट कनवर्टर NEW

राज ठाकरे पर टिप्पणी: पुणे में इन्फ्लुएंसर पर पोती कालिख, सिर पर रखवाई चप्पल

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोप में मनसे कार्यकर्ताओं ने पुणे में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महेश मोटे के चेहरे पर कालिख पोती और उठक-बैठक लगवाई।
महेश मोटे: राज ठाकरे पर टिप्पणी के बाद मनसे कार्यकर्ताओं ने दी सजा

अपनी भाषा में पढ़ें

Pune: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महेश मोटे को मनसे कार्यकर्ताओं के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने महेश को पुणे के कात्रज इलाके से पकड़ा और जनसंपर्क कार्यालय ले जाकर उनके साथ बदसलूकी की। दफ्तर में इन्फ्लुएंसर के चेहरे पर कालिख पोत दी गई, सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक कराई गई और राज ठाकरे की तस्वीर के सामने साष्टांग दंडवत प्रणाम करने को मजबूर किया गया।

केरल से पुणे लौटते ही पार्क से पकड़ा

हडपसर विधानसभा क्षेत्र के मनसे उप-विभागीय अध्यक्ष शुभम जगदाले के अनुसार, महेश मोटे ने करीब 15 दिन पहले एक सोशल मीडिया रील पोस्ट की थी। इस वीडियो में राज ठाकरे और मनसे पदाधिकारियों के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस वीडियो के सामने आने के बाद महेश पिछले 15-20 दिनों से केरल में था। जैसे ही मनसे कार्यकर्ताओं को उसके पुणे लौटने और कात्रज के एक पार्क में मौजूद होने की सूचना मिली, वे मौके पर पहुंचे और उसे पकड़कर सीधे पार्टी के दफ्तर ले आए।

दफ्तर में दी सजा, रोते हुए माफी मांगने का वीडियो वायरल

पार्टी कार्यालय के भीतर हुई इस पूरी घटना का एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महेश मोटे बुरी तरह डरे हुए, रोते हुए और हाथ जोड़कर बिना शर्त माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। उसने कहा कि उसने अनजाने में राज ठाकरे और शुभम दादा समेत अन्य पदाधिकारियों के बारे में गलत बातें कह दी थीं, जिसका उसे पछतावा है। उसने आगे कोई कार्रवाई या प्रताड़ना न करने की गुहार भी लगाई।

मनसे नेताओं ने कहा- यह हमारा ‘स्टाइल’ और ‘महाप्रसाद’ है

इस पूरे मामले पर मनसे नेता शुभम जगदाले ने इसे अपनी पार्टी का ट्रेडमार्क अंदाज करार दिया। जगदाले ने कहा कि कार्यालय लाकर मोटे को ‘महाप्रसाद’ दिया गया है और राज ठाकरे की तस्वीर के सामने लेटाकर माफी मंगवाई गई। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भविष्य में भी अगर कोई राज ठाकरे के खिलाफ इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी करेगा, तो मनसे कार्यकर्ता बिल्कुल इसी तरह से सबक सिखाएंगे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram