वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस और नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। इस दौरान TPC सुप्रीमो बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह के मारे जाने की सूचना है। यह मुठभेड़ रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ स्थित लंका मैदान में हुई।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश एटीएस को बृजेश गंझू के वाराणसी में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एटीएस की टीम ने टेंगरा मोड़ इलाके में अभियान चलाया। इसी दौरान लंका मैदान में पुलिस और बृजेश गंझू के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि बृजेश गंझू पर 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था। झारखंड पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थीं।
मुठभेड़ में बृजेश गंझू के मारे जाने की सूचना के बाद झारखंड की सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। उसके खिलाफ दर्ज मामलों और नक्सली गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल, पूरे मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस की आधिकारिक और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।




