रांची: आजाद बस्ती-पत्थलकुदवा रोड पर शनिवार को बंद पड़े बूचड़खाने को हटाने पहुंची रांची नगर निगम की टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध किया। निगम की टीम बुलडोजर के साथ कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जुट गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
लोगों के सड़क पर उतरने से आजाद बस्ती-पत्थलकुदवा रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
बुलडोजर पहुंचते ही शुरू हुआ विरोध
नगर निगम की टीम बंद बूचड़खाने को हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। टीम के साथ बुलडोजर भी मौजूद था। इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने लगे और कार्रवाई का विरोध करने लगे।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम मौके पर मौजूद है। फिलहाल स्थानीय लोगों का विरोध जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।




