फॉण्ट कनवर्टर NEW

बिहार में पुलिस का बड़ा अभियान, 5 दिन में 18 हजार से ज्यादा वारंट का निष्पादन

6 से 10 सितंबर तक चले विशेष अभियान में 18,358 वारंट का निष्पादन हुआ, 1,328 अपराधियों की संपत्ति कुर्क और 3,854 घरों पर इश्तेहार चस्पा किए गए।

अपनी भाषा में पढ़ें

Patna: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर लंबित वारंट, इश्तेहार और कुर्की के मामलों में कार्रवाई की। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 6 से 10 सितंबर तक सभी जिलों में चलाए गए पांच दिवसीय अभियान के दौरान कुल 18,358 वारंट का निष्पादन किया गया। इस दौरान 1,328 अपराधियों की संपत्ति कुर्क की गई और 3,854 अपराधियों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किए गए। अभियान का नेतृत्व संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक और वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने किया। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इसका उद्देश्य लंबित वारंट, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई को आगे बढ़ाना था।

कोर्ट और अनुसंधान स्तर के वारंट पर कार्रवाई

विशेष अभियान के दौरान कोर्ट से जारी 17,259 वारंट और अनुसंधानकर्ता के स्तर से कांडों में प्राप्त 1,099 वारंट का निष्पादन किया गया। इस तरह कुल 18,358 वारंट पर कार्रवाई हुई। वारंट के निष्पादन में अररिया सबसे आगे रहा, जहां 1,411 वारंट का निष्पादन किया गया। इसके बाद दरभंगा में 1,005, नालंदा में 998, सिवान में 984 और किशनगंज में 848 वारंट का निष्पादन हुआ।

इश्तेहार और कुर्की में इन जिलों में ज्यादा कार्रवाई

इश्तेहार के निष्पादन में सिवान में 439, अररिया में 401, कटिहार में 279, सारण में 264 और मोतिहारी में 223 मामले शामिल रहे। वहीं, कुर्की की कार्रवाई में अररिया में 164, मधुबनी में 142, सारण में 102, किशनगंज में 100 और सिवान में 77 मामलों का निष्पादन किया गया।

दो दिन चला विशेष समकालीन अभियान

विधि-व्यवस्था प्रभाग के निर्देश पर राज्य के सभी जिलों में 15 और 16 सितंबर को विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। इस दौरान राज्यभर में करीब 62,806 वाहनों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान 6,563 वाहनों से कुल 98 लाख 87 हजार 340 रुपये जुर्माना वसूला गया। अभियान में 1,274 वांछित अभियुक्तों और 715 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अलग-अलग कांडों में शामिल 153 वाहन जब्त किए गए।

शराब और हथियार भी बरामद

विशेष समकालीन अभियान के दौरान पुलिस ने 10,830 लीटर देशी शराब और 8,542 लीटर विदेशी शराब जब्त की। अभियान के दौरान 9 अपहृत और 9 नाबालिग बच्चों को भी बरामद किया गया। वहीं, पटना, नालंदा, भागलपुर, नवगछिया, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, वैशाली, पूर्णिया और किशनगंज में कार्रवाई के दौरान कुल 19 अवैध हथियार बरामद किए गए। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए इन अभियानों में लंबित वारंट और कुर्की के मामलों के निष्पादन के साथ-साथ वाहनों की जांच, गिरफ्तारी, शराब और हथियार बरामदगी जैसी कार्रवाई भी की गई।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram