Patna: बिहार में महिला यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुलभ और वातानुकूलित सफर सुनिश्चित करने वाली ‘पिंक बस’ सेवा का दायरा अब राजधानी से बाहर भी तेजी से फैल रहा है। पटना शहर की सीमाओं से निकलकर अब यह सेवा आसपास के उपनगरीय और ग्रामीण इलाकों को जोड़ने लगी है। इसी दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने पटना से जहानाबाद जिले के हुलासगंज तक सीधी एसी पिंक बस सेवा संचालित करने का फैसला किया है। निगम के अनुसार, 21 सितंबर से इस रूट पर नियमित बस सेवा शुरू हो जाएगी।
Read more: रक्षाबंधन पर तोहफा: पटना की सड़कों पर उतरीं 5 नई AC पिंक बसें, जानें रूट और किराया
गांधी मैदान से होगा परिचालन, ट्रायल रन पूरा
परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि पटना-हुलासगंज रूट पर बस संचालन की सभी तकनीकी औपचारिकताएं और ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस बस का परिचालन पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान बस टर्मिनल से किया जाएगा। शुरुआती चरण में इस मार्ग पर एक वातानुकूलित (AC) पिंक बस उतारी जा रही है। यात्रियों की मांग, टिकट बुकिंग और भीड़ की समीक्षा करने के बाद आने वाले दिनों में इस रूट पर फेरे और बसों की कुल संख्या में इजाफा किया जाएगा।
पटना से हुलासगंज रूट का आधिकारिक किराया चार्ट
निगम ने सफर को पारदर्शी बनाने के लिए गांधी मैदान से हुलासगंज के बीच पड़ने वाले सभी प्रमुख ठहरावों की किराया सूची जारी कर दी है। पटना से हुलासगंज का अंतिम छोर तक का किराया 155 रुपये तय किया गया है:
पटना से जीरो माइल: ₹25
आईएसबीटी (बैरिया): ₹30
संपतचक: ₹40
पैलदारी चक: ₹61
बीर: ₹71
धनरुआ: ₹82
कोल्हाचक: ₹91
मसौढ़ी: ₹104
जहानाबाद: ₹120
हुलासगंज: ₹155
छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को बड़ी राहत
पटना, मसौढ़ी और जहानाबाद रूट पर प्रतिदिन हजारों की तादाद में कॉलेज की छात्राएं, शिक्षिकाएं और विभिन्न सरकारी-निजी दफ्तरों में काम करने वाली महिलाएं यात्रा करती हैं। सामान्य बसों में होने वाली अत्यधिक भीड़भाड़, धक्का-मुक्की और असुरक्षा की भावना से इस सीधी एसी पिंक बस के चलने से पूरी तरह निजात मिलेगी। निगम का मानना है कि इस सेवा से महिलाओं का अंतरजिला दैनिक सफर बेहद सुगम और आरामदायक हो जाएगा।




