रांची। बरियातू थाना के सामने गुरुवार सुबह बाइक सवार दो युवकों ने मॉर्निंग वॉक के लिए जा रही महिला से चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना सुबह करीब 5:40 बजे की बताई जा रही है।
पीड़िता पुष्पा लकड़ा ने बताया कि वह सुबह अपने घर से निकलकर RIMS परिसर में मॉर्निंग वॉक के लिए जा रही थीं। इसी दौरान बरियातू थाना के ठीक सामने बाइक सवार दो युवकों ने उनकी चेन खींच ली और तेज रफ्तार में फरार हो गए।
चेन छीनने के बाद महिला ने मचाया शोर
चेन छिनने के बाद पुष्पा लकड़ा ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के कुछ लोग मौके पर पहुंचे। वहीं, पुलिसकर्मियों ने भी बाइक सवार आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की।
पीड़िता के अनुसार, पुलिस ने बोलेरो से बाइक सवारों का पीछा किया, लेकिन आरोपी बाइक से होने के कारण मौके से निकल गए।
CCTV फुटेज से मिल सकता है सुराग
पुष्पा लकड़ा ने बताया कि वह मामले को लेकर बरियातू थाना में FIR दर्ज कराएंगी। उन्होंने कहा कि थाना के सामने CCTV कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में CCTV फुटेज की जांच से आरोपियों की पहचान में मदद मिल सकती है।
पीड़िता ने पुलिस से चेन बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।



