Ranchi: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट हटिया ने अवैध वस्तुओं और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। दिनांक 15 सितंबर को गाड़ी संख्या 18624 और हटिया स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान के दौरान RPF की उप निरीक्षक रीता कुमारी ने कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को धर दबोचा।
मामला शाम लगभग 7:05 बजे का है, जब प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर बने एस्केलेटर के पास एक युवक भूरे रंग के ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूमता दिखा। जवानों ने शक होने पर जब उसे रोककर पूछताछ की, तो उसने अपनी पहचान बिहार के जहानाबाद जिले (हुलासगंज) निवासी चंदन कुमार (30 वर्ष), पिता- शंकर प्रसाद के रूप में दी।
जब आरपीएफ की टीम ने आरोपी के ट्रॉली बैग की तलाशी ली, तो उसमें से ‘ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की’ की 12 बोतलें (प्रति बोतल 750 मिलीलीटर, कुल 9,000 मिलीलीटर) बरामद हुईं। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत ₹14,400 बताई जा रही है।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी शराब के परिवहन से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। आरोपी चंदन ने स्वीकार किया कि वह झारखंड से सस्ते दामों में शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।
RPF अधिकारी रीता कुमारी ने गवाहों की मौजूदगी में सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए शराब को मौके पर ही जब्त कर लिया। नियमानुसार, जब्त की गई शराब और मामले की अगली कानूनी कार्रवाई के लिए इसे आबकारी विभाग, रांची को सौंपा जा रहा है।




