रांची। सैटेलाइट चौक के पास HEC की जमीन से अतिक्रमण हटाने के दौरान बुधवार को स्थिति बिगड़ गई। विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और महिला पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हो गए, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सुबह से ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था। कुछ लोग जेसीबी के सामने बैठ गए और मशीनों पर चढ़ गए। पुलिस के हटाने पर पथराव शुरू हो गया। हटिया डीएसपी नीरज ने बताया कि भीड़ के हमले में कई जवान घायल हुए हैं।
वहीं बस्तीवासियों का कहना है कि वे 60 साल से यहां रह रहे हैं। बिना पुनर्वास के घर तोड़े जा रहे हैं। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है। प्रशासन ने कहा है कि यह कार्रवाई जिला प्रशासन के आदेश पर हो रही है और HEC की जमीन पर अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।




