फॉण्ट कनवर्टर NEW

रात के 2:29 बजे आसमान में जोरदार धमाका! ईरान ने मार गिराया अमेरिकी MQ-9 ड्रोन

ईरान ने केशम द्वीप के ऊपर एयर डिफेंस सिस्टम से अमेरिकी सेना के MQ-9 ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है, जबकि अमेरिकी अधिकारियों ने इन दावों को बेबुनियाद बताया।

अपनी भाषा में पढ़ें

Washington, USA: ईरान ने अमेरिकी सेना के एक और आधुनिक एमक्यू-9 (MQ-9) ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के केशम द्वीप के ऊपर ईरानी वायु रक्षा प्रणाली ने इस मानवरहित विमान को इंटरसेप्ट कर हवा में ही नष्ट कर दिया।

बुधवार तड़के 2:29 बजे हुई कार्रवाई

इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने बुधवार सुबह 2:29 बजे केशम द्वीप के ऊपर अमेरिकी सेना के MQ-9 ड्रोन को ट्रैक किया और मार गिराया। आईआरआईबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की है। इससे पहले मंगलवार को भी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने होर्मुज स्ट्रैट के हवाई क्षेत्र में एक अमेरिकी एमक्यू-1 (MQ-1) ड्रोन को मार गिराने की बात कही थी।

उन्नत वायु रक्षा प्रणाली से नष्ट किया ड्रोन

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) के अनुसार, आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग ने बताया कि अमेरिकी ड्रोन को होर्मुज स्ट्रैट के पश्चिमी हिस्से के आसमान में देखा गया था। इसके बाद एयरोस्पेस फोर्स की नई उन्नत वायु रक्षा प्रणाली ने उसे मार गिराया। यह पूरी सैन्य कार्रवाई ईरान के एकीकृत वायु रक्षा नेटवर्क की सतत निगरानी और नियंत्रण के तहत अंजाम दी गई। आईआरजीसी के मुताबिक, पिछले सप्ताह भी इसी क्षेत्र में एक अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को निशाना बनाया गया था। आईआरजीसी ने दावा किया है कि उनके वायु रक्षा बल दुश्मन के हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं और अब तक दर्जनों लड़ाकू व जासूसी ड्रोन मार गिराए जा चुके हैं।

अमेरिकी इनकार पर ईरानी विदेश मंत्री की चेतावनी

दूसरी तरफ, अमेरिकी अधिकारियों ने ईरान के इन दावों को पूरी तरह बेबुनियाद करार दिया है। इस पर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तीखी प्रतिक्रिया दी। अराघची ने कहा कि ईरान की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई और अमेरिकी सैनिकों को हुए वास्तविक नुकसान की पूरी जानकारी सही वक्त आने पर सार्वजनिक की जाएगी।

विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अमेरिकी सेना के सैकड़ों ठिकाने तबाह हो चुके हैं और दर्जनों विमान क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने आगे लिखा, “यह तो सिर्फ शुरुआत है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि उचित समय पर सच्चाई सबके सामने लाई जाएगी और जिन लोगों ने झूठे दावे किए हैं, उनके लिए स्थिति ठीक नहीं होगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram