रांची: चान्हो थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक स्कूल बस सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गई। हादसा लेपसर स्थित आदित्य ईंट भट्ठा के पास हुआ। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय बस में कोई बच्चा सवार नहीं था।
जानकारी के अनुसार, बाल विकास स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए हर्रा गांव जा रही थी। लेपसर के पास चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
बस पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने इसकी सूचना चान्हो थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद क्रेन की मदद से बस को गड्ढे से बाहर निकालने का काम शुरू किया गया।
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



