फॉण्ट कनवर्टर NEW

रांची के जैन भवन में भक्तिभाव से संपन्न हुआ पर्युषण महापर्व, ‘मिच्छामि दुक्कड़म’ कहकर श्रद्धालुओं ने मांगी क्षमा

राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित जैन भवन में श्री साधुमार्गी जैन संघ के तत्वावधान में पर्युषण महापर्व का समापन 'क्षमा दिवस' के रूप में अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। इस आध्यात्मिक अवसर पर स्वाध्यायी पुष्पा ओसवाल ने अंतकृद्दशांग सूत्र का वाचन संपन्न

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित जैन भवन में श्री साधुमार्गी जैन संघ के तत्वावधान में पर्युषण महापर्व का समापन ‘क्षमा दिवस’ के रूप में अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। इस आध्यात्मिक अवसर पर स्वाध्यायी पुष्पा ओसवाल ने अंतकृद्दशांग सूत्र का वाचन संपन्न करते हुए श्रद्धालुओं को सती चंदनबाला का प्रेरक प्रसंग सुनाया। उन्होंने विशेष क्षमा ध्यान कराते हुए कहा कि मन के भीतर छिपे क्रोध और अहंकार को त्यागकर एक-दूसरे से सच्चे हृदय से क्षमा मांगना ही वास्तव में आत्मशुद्धि का मार्ग है।

धार्मिक अनुष्ठान के इस गरिमामयी आयोजन में रांची नगर निगम की मेयर रोशनी खलखो और झारखंड प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहीं। इस दौरान केसर देवी पींचा, मूलचंद सुराणा, समता युवा संघ के अध्यक्ष राकेश बछावत, हुक्मीचंद चोरड़िया, विकास सुराणा और विनोद बेंगानी समेत जैन समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पर्व के अवसर पर सेवा कार्य को बढ़ावा देते हुए तेरापंथ युवक परिषद के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें युवाओं और समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके साथ ही महापर्व के दौरान कठिन उपवास व तप करने वाले तपस्वियों—विशाल दस्सानी, रेशमा बोहरा, पूजा बोहरा, पायल कोठारी और छोटे लाल चोरड़िया सहित अन्य श्रद्धालुओं की समाज द्वारा भावभीनी अनुमोदना कर उनका सम्मान किया गया। अंत में संवत्सरी प्रतिक्रमण पूरा होने के बाद सभी श्रद्धालुओं ने परस्पर हाथ जोड़कर “मिच्छामि दुक्कड़म” कहते हुए जाने-अनजाने हुई भूलों के लिए एक-दूसरे से क्षमा याचना की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram