पलामू: सदर अस्पताल के सामने संचालित रीमा सेवा सदन पर प्रशासन ने रविवार रात बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान कई गंभीर खामियां मिलने के बाद अधिकारियों ने अस्पताल को सील कर दिया।
सदर एसडीओ संजय पांडेय और सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सेवा सदन का वैध किरायानामा नहीं मिला। इसके अलावा वहां कोई डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद नहीं था।
अधिकारियों को अस्पताल में मरीजों के भर्ती और छुट्टी से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड भी नहीं मिले। संबंधित डॉक्टरों के सहमति और अनुबंध से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।
ऑपरेशन थिएटर में मिली गंभीर लापरवाही
जांच के दौरान ऑपरेशन कक्ष की हालत बेहद खराब मिली। कमरे में गंदगी थी और बेहोशी देने की जरूरी व्यवस्था नहीं थी। ऑपरेशन लैंप की जगह सामान्य जांच लैंप का इस्तेमाल किया जा रहा था।
ऑपरेशन टेबल भी गंदा और क्षतिग्रस्त मिला। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसी स्थिति मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण नियंत्रण के लिहाज से गंभीर है।
दवा दुकान भी बिना लाइसेंस के
जांच में मेडिकल कचरे के निस्तारण की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। अग्नि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दवाएं व उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे।
इसके अलावा परिसर में बिना वैध लाइसेंस के दवा दुकान संचालित होने की बात सामने आई।
दो मरीजों को सदर अस्पताल भेजा गया
कार्रवाई के समय रीमा सेवा सदन में दो महिला मरीज भर्ती थीं। दोनों का ऑपरेशन हो चुका था और वे इलाज के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रही थीं। अधिकारियों ने दोनों मरीजों को बेहतर सुरक्षा और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
कई गंभीर कमियां सामने आने के बाद प्रशासन ने रीमा सेवा सदन को सील कर दिया।



