रांची: जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में अनियमितता के खिलाफ आंदोलन कर रहे नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें इलाज के लिए रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र नाथ महतो को तेज बुखार के साथ दस्त, उल्टी और शरीर में दर्द की शिकायत है। डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
अस्पताल से देवेंद्र नाथ महतो ने अपने समर्थकों, छात्रों और अभ्यर्थियों से परेशान नहीं होने की अपील की है। उन्होंने जल्द स्वस्थ होने के लिए सभी से शुभकामनाएं और आशीर्वाद देने को कहा है।
उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत खराब होने के बावजूद छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने अपने साथियों से शांत और संयमित रहने की अपील की।
गौरतलब है कि देवेंद्र नाथ महतो पिछले कई दिनों से भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उन्होंने रांची में आमरण अनशन किया था और छात्रों के साथ विधानसभा घेराव भी किया था। इसके बाद उन्होंने राज्य के 24 जिलों में भर्ती व्यवस्था में सुधार को लेकर यात्रा निकाली थी, जो 11 सितंबर को समाप्त हुई।



