रांची : रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के धोबी मोहल्ले में रविवार रात दो अज्ञात अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, अपराधियों ने करीब छह राउंड गोलियां चलाईं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों अपराधी बाइक से मोहल्ले में पहुंचे थे। उन्होंने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों हथियार लहराते हुए बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाना प्रभारी अभिनंदन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
पुलिस CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही पुलिस फायरिंग के कारणों का भी पता लगा रही है।



